वंदेमातरम स्वतंत्रता संग्राम की चेतना का उद्घोष: योगी

लखनऊ, 22 दिसम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान सोमवार को विधानसभा में राष्ट्रगीत वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर चर्चा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वंदेमातरम स्वतंत्रता संग्राम की चेतना का उद्घोष है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदेमातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा और क्रांतिकारियों की सच्ची भावना का प्रतीक है। उन्होने कहा “ आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में देश की राजधानी दिल्ली से शुरू हुई कार्यक्रमों की शृंखला के तहत उत्तर प्रदेश विधानसभा संभवतः पहली ऐसी विधानसभा है, जहां राष्ट्रगीत वंदेमातरम पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। ” इसके लिए उन्होंने पूरे सदन का हृदय से स्वागत और आभार व्यक्त किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा “ जब हम वंदेमातरम का स्मरण करते हैं, तो यह हमें आज़ादी के आंदोलन की चेतना, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। यह गीत देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का उद्घोष करता है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया।”
उन्होंने कहा कि वंदेमातरम आज भी हर भारतीय के मन में राष्ट्र के प्रति समर्पण और कर्तव्यबोध की भावना को जागृत करता है।
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 24,496.98 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया गया। संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में बजट पेश करते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 का मूल बजट 8 लाख 8 हजार करोड़ रुपये का था, जिसके सापेक्ष अनुपूरक बजट का आकार 3.03 प्रतिशत है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास