कोई पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं, अपात्र का नाम शामिल न हो : योगी

वाराणसी, 11 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता आम जनता के बीच जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छूट न जाए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में होना मजबूत एवं समावेशी लोकतंत्र की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस समीक्षा बैठक में वाराणसी कमिश्नरी के छह संगठनात्मक जिलों वाराणसी महानगर, वाराणसी जिला, चंदौली, मछलीशहर, जौनपुर एवं गाजीपुर के विधायक, सांसद, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा विधानसभा संयोजक उपस्थित रहे।
उन्होने कार्यकर्ताओं से कहा “ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव कहते हैं कि “चुनाव बूथ पर लड़ा जाता है, इसलिए बूथ प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है। बूथ की टीम को एक्टिवेट कर दीजिए, मतदाता सूची को अच्छी तरह छान लीजिए। अभी जितनी मेहनत कर लेंगे, चुनाव के समय उतनी कम मेहनत करनी पड़ेगी और हमारी जीत निश्चित होगी। यह सुनहरा अवसर है कि समय रहते सभी त्रुटियों को दूर कर मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जाए।”
मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के दौरान चार प्रमुख श्रेणियों अनमैप्ड (अनमैपिंग), मृतक, अनुपस्थित (एब्सेंट) तथा स्थानांतरित (शिफ्टेड) मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर दो-दो टीमें बनाकर घर-घर संपर्क किया जाए तथा ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान की जाए जिनका नाम किसी त्रुटि या लापरवाहीवश सूची में शामिल नहीं हो सका है। ऐसे सभी पात्र मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाकर समय से बीएलओ को सौंपा जाए ताकि किसी का नाम छूटने न पाए।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक तालमेल, तकनीकी दक्षता, नियमित मॉनीटरिंग और सतत जनसंपर्क इस अभियान को सफल बनाने की कुंजी हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलए-1, बीएलए-2, बूथ पलायन प्रभारी तथा बूथ अध्यक्ष मिलकर रणनीति बनाएं और प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का सघन अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि संपर्क, सत्यापन और सही सूचना के आदान-प्रदान से अभियान में पारदर्शिता, तीव्रता तथा प्रमाणिकता आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “कार्य की प्रमाणिकता से ही हमारी दक्षता सिद्ध होगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता तक पहुंचना और उन्हें मतदाता सूची से जोड़ना भाजपा की संगठनात्मक शक्ति एवं जिम्मेदारी है, जिसे पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से निभाया जाना चाहिए। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी तथा पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास