माघ मेला क्षेत्र में विहिप तमाम कार्यक्रम करेगा आयोजित
प्रयागराज, 13 दिसंबर (वार्ता ) उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के माघ मेले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) इस बार भी कैंप लगाकर संत सम्मेलन समेत तमाम कार्यक्रम आयोजित करेगा। परिषद को मेला क्षेत्र के परेड ग्राउंड में जमीन आवंटित की गई है। मेले में कैंप लगाने के लिए शनिवार को विहिप की ओर से विधि विधान से भूमि पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। भूमि पूजन के इस कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के नेताओं के साथ ही तमाम संत महात्मा व अन्य प्रमुख लोग मौजूद थे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के बाद आज से कैंप को तैयार करने की शुरुआत कर दी गई है।विहिप के प्रांत सह मंत्री सत्य प्रकाश सिंह के मुताबिक विश्व हिंदू परिषद के शिविर में एक जनवरी से 2 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। विहिप के सह प्रांत मंत्री सत्य प्रकाश सिंह के मुताबिक कैंप एक हफ्ते में बनकर तैयार हो जाएगा। इस बार भी संगठन की तरफ से संत सम्मेलन समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा संगठन के साल भर चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी यहीं तय की जाएगी।
गौरतलब है कि इस बार भी माघ मेले में धर्मांतरण लव जेहाद जैसे मुद्दों पर जहां संत सम्मेलन में चर्चा की जाएगी। वहीं कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति की ओर से भी शिविर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जाएंगे। विश्व हिंदू परिषद के भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक रमेश जी और काशी प्रांत के अध्यक्ष के पी सिंह भी मौजूद रहे। संगम की रेती पर माघ मेला 3 जनवरी पौष पूर्णिमा के पहले स्नान पर्व से लेकर 15 फरवरी महाशिवरात्रि के स्नान पर्व तक चलेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें