प्रयागराज में संगम क्षेत्र में रोप वे के निर्माण की तैयारी
प्रयागराज 27 दिसंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के संगम क्षेत्र में रोप-वे निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। अरैल में त्रिवेणी पुष्प के पास पहले स्टेशन के लिए पिलर बनाए जा रहे हैं जबकि माघ मेला खत्म होने के बाद संगम के कछारी इलाके में भी काम तेज हो जायगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की इकाई नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्थान की एजेंसी रवि इन्फ्रा बिल्ड स्टेशन का निर्माण कर रही है। कुल 210 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना में एनएचएलएमएल 60 प्रतिशत और रवि इन्फ्रा 40 प्रतिशत खर्च वहन करेगी। रवि इन्फ्रा ही रोप-वे का संचालन भी संभालेगी। अरैल से परेड (लाल-काली सड़क) के बीच 2.2 किमी लंबा रोप-वे बनेगा जिसमें एक ट्रॉली में अधिकतम आठ लोग बैठ सकेंगे और एक साथ 14 ट्रॉलियां चलेंगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें