नगरीय स्वास्थ्य सेवाओं का करें प्रचार-प्रसार, ऑनलाइन पर्चों के साथ ही रेफर करें मरीज

गोरखपुर। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय के प्रेरणा श्री सभागार में नगरीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान डिजिटल प्रेसक्रिप्शन और सैम्पल ट्रांसपोर्ट को सुदृढ़ करने के बारे में विस्तार से चर्चा हुई। सीएमओ ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह विभिन्न माध्यमों से समुदाय के बीच नगरीय स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में प्रचार-प्रसार करें। साथ ही नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से जो भी मरीज जिला अस्पताल रेफर किए जाएं, उन्हें ऑनलाइन पर्चे ही बना कर दिए जाएं।

सीएमओ डॉ झा ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की ओपीडी सेवा, लैब टेस्ट, दस केन्द्रों की सैम्पल ट्रांसपोर्ट सेवा, मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों, परिवार नियोजन कार्यक्रम और और ई-कवच पोर्टल पर फिडिंग के बारे में बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि सामान्य बीमारी का मरीज सीधे जिला अस्पताल, बीआरडी मेडिकल कॉलेज और एम्स गोरखपुर न जाए। उसे समस्त दवाएं और सेवाएं घर के नजदीक मिलनी चाहिए। इसमें जनजागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। लोगों को पता होना चाहिए कि नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर कौन-कौन सी सेवाएं, जांच, दवाएं और इलाज उपलब्ध हैं।

डॉ झा ने लोगों के बीच यह भी प्रचारित करने को कहा कि महानगर के दस नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों से बड़ी और महत्वपूर्ण पैथालॉजिकल जांचों के सैम्पल लेकर जिला अस्पताल स्थित लैब से जांच कराई जा रही है। इन लैब से रिपोर्ट भी शाम तक लाभार्थी के मोबाइल नंबर पर आ जाती है। इस प्रचार प्रसार से लोगों का पैथालॉजिकल जांच पर खर्च होने वाला पैसा बच सकेगा। यह सेवा फिलहाल बसंतपुर, गोरखनाथ, नथमलपुर, हुमायूंपुर, इलाहीबाग, शिवपुर सहबाजगंज, शाहपुर, झरना टोला, छोटे काजीपुर और दीवान बाजार में उपलब्ध है।

इस अवसर पर नगरीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ विनय पांडेय और समन्वयक सुरेश सिंह चौहान सहित सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण, चिकित्सा अधिकारी और अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास