प्रदेश के पहले सिटी पॉलीक्लिनिक का उद्घाटन कल, सीएमओ ने लिया तैयारियों का जायजा

गोरखपुर। प्रदेश के पहले सिटी पॉलीक्लिनिक का गोरखपुर शहर के बसंतपुर में रविवार को उद्घाटन होगा। इस क्लिनिक के जरिये प्रतिदिन दो विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह सिटी पॉलीक्लिनिक का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने दी। उन्होंने शनिवार को सिटी पॉलीक्लिनिक का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। यह क्लिनिक बसंतपुर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में स्थापित किया गया है। डॉ झा ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ विभा दत्ता सहित कई प्रमुख अतिथि मौजूद रहेंगे।

शासन से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार गोरखपुर के बसंतपुर, हुमायूंपुर और पुर्दिलपुर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सिटी पॉलीक्लिनिक बनने हैं। प्रदेश के कुछ अन्य जिलों में भी पॉलीक्लिनिक खोलने की तैयारी है। इसी कड़ी में पूरे प्रदेश में सबसे पहले गोरखपुर जिले ने सिटी पॉलीक्लिनिक तैयार कर लिया है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान रविवार को किया जाएगा। इस क्लिनिक पर स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन, चर्म रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और नाक-कान एवं गला रोग विशेषज्ञ जैसे चिकित्सक अलग-अलग दिवसों पर सेवाएं देंगे।

सीएमओ डॉ झा ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर एक विशेषज्ञ नेत्र जांच शिविर भी लगाया जा रहा है, जिसमें अंध विद्यालय के बच्चों के आंखों की जांच की जाएगी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य भी बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। डॉ झा ने बताया कि हमारा प्रयास है कि अगले माह शहर में बचे हुए दो अन्य पॉलीक्लिनिक भी शुरू कर दिये जाएं। इससे लोगों को विशेषज्ञ सेवाओं के लिए सीधे जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

इससे पहले, सीएमओ ने अपने कार्यालय में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि टीबी उन्मूलन से संबंधित सभी संकेतांकों में सुधार लाएं। जहां कहीं भी गैप दिखाई दे रहा हो, वहां नियमित बैठकों के माध्यम से उसे ठीक कराया जाए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास