उत्तर प्रदेश में एसआईआर के आंकड़े जारी करे आयोग : अखिलेश
लखनऊ, 05 दिसम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग व राज्य प्रशासन से मांग की है कि प्रदेश में अब तक जितना भी एसआईआर हुआ है, उसके आंकड़े आज प्रकाशित किया जाए।
श्री यादव ने शुक्रवार को एक्स पर लिखा “ उप्र में कितने प्रतिशत एसआईआर हुआ है, इसका आँकड़ा आज प्रकाशित किया जाए।” उन्होंने कहा कि बीएलओ पर जानलेवा दबाव हटाकर अतिरिक्त अधिकृत लोगों को समयावधि के अनुरूप इस काम पर लगाया जाए। साथ ही सुनिश्चित किया जाए कि सत्ताधारियों के दल और उनके संगी-साथी पिछले दरवाज़े से इस काम में अब नहीं हैं और न आगे कभी होंगे।अखिलेश यादव ने मांग की कि इस बात की पक्की जाँच-पड़ताल हो कि हर विधानसभा में पीडीए समाज के कितने लोगों को वोटर लिस्ट से हटाने की साज़िश की जा रही है, हर हाल में इसे होने से रोका जाए।
गौरतलब है कि इससे पूर्व अखिलेश यादव ने निर्वाचन आयोग से मांग की थी कि मतदाता पंजीकरण केन्द्रों (वीआरसी) पर कई वर्षों से कार्यरत यादव और मुस्लिम समुदाय के कम्प्यूटर ऑपरेटरों को जातिगत आधार पर सेवा से हटाए जाने की कार्रवाई तुरंत रोकी जाए और जिन्हें हटाया गया है उन्हें बहाल किया जाए। इस बावत पार्टी की तरफ से मुख्य निर्वाचन अधिकारी को शिकायती ज्ञापन सौंपा गया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और नेताओं के दबाव में निर्वाचन प्रक्रिया में लगे कर्मचारियों के साथ भेदभाव हो रहा है। इससे मतदाता सूची शुद्धिकरण प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रभावित हो रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें