उत्तर प्रदेश में मकर संक्रान्ति पर 15 जनवरी को रहेगा सार्वजनिक अवकाश
लखनऊ 12 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में मकर संक्रान्ति को लेकर महत्वपूर्ण संशोधन किया है। सामान्य प्रशासन अनुभाग, उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव एस.वी.एस. रंगा राव के स्तर से जारी आदेश के मुताबिक अब मकर संक्रांति का अवकाश 14 जनवरी के स्थान पर 15 जनवरी को रहेगा।प्रमुख सचिव एस.वी.एस. रंगा राव के स्तर से जारी आदेश के अनुसार विज्ञप्ति संख्या-671/तीन-2025-39(2)/2016 दिनांक 17 नवम्बर, 2025 द्वारा जारी अवकाश सूची के प्रस्तर-2(11) में वर्ष 2026 के लिए निर्बन्धित अवकाश की सूची के क्रमांक-2 पर मकर संक्रान्ति के अवसर पर 14 जनवरी, 2026 (बुधवार) को निर्बन्धित अवकाश घोषित किया गया था।
शासन स्तर पर सम्यक विचारोपरान्त अब यह निर्णय लिया गया है कि मकर संक्रान्ति के अवसर पर 14 जनवरी को घोषित निर्बन्धित अवकाश के स्थान पर 15 जनवरी, 2026 (गुरुवार) को निगोशिएबुल इन्स्ट्रुमेन्ट एक्ट, 1881 के अधीन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा।
शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस निर्णय के आलोक में मकर संक्रान्ति के पावन पर्व पर 15 जनवरी, 2026 (गुरुवार) को प्रदेश भर में सरकारी एवं सार्वजनिक संस्थानों में छुट्टी रहेगी। इसके तहत राज्य सरकार के कार्यालय, विद्यालय-कॉलेज तथा अन्य सरकारी संस्थान बंद रहेंगे।
इसके साथ ही शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सामान्य प्रशासन अनुभाग की 17 नवम्बर, 2025 की पूर्व विज्ञप्ति को इस सीमा तक संशोधित माना जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें