एक सप्ताह में 25 लाख श्रद्धालुओं ने किए मथुरा-वृंदावन के मन्दिरो के दर्शन
मथुरा 02 जनवरी (वार्ता) कान्हा की नगरी में 25 दिसंबर से अब तक में लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं ने ब्रज के विभिन्न मंदिरों में माथा टेका है। भक्ति का यह सैलाब पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ता नजर आ रहा है।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान यह आंकड़ा करीब 15 से 18 लाख के आसपास था। सुगम यातायात और बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण इस साल 30-40 प्रतिशत अधिक श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचे हैं। विशेषकर श्री बांके बिहारी मंदिर और गोवर्धन परिक्रमा में इस बार "पैर रखने की भी जगह" नहीं दिख रही है।उन्होने बताया कि श्रद्धालुओं की यह संख्या केवल वृंदावन तक सीमित नहीं है, बल्कि बरसाना श्री राधा रानी मंदिर में भारी भीड़ देखी गई वहीं गोवर्धन दानघाटी मन्दिर, मुखारविन्द मन्दिर,राधाकुंड के साथ पूरा सप्तकोसी परिक्रमा मार्ग भक्तों से पटा रहा। मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारिकाधीश मंदिर में दर्शनों के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।बलदेव व गोकुल दाऊ जी मंदिर और अन्य सिद्ध पीठों पर भी रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंचे।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन ने ट्रैफिक और सफाई के विशेष इंतजाम किए हैं। उन्होंने कहा, "भीड़ के कारण सावधानी जरूरी है, लेकिन व्यवस्थाएं पूरी तरह नियंत्रण में हैं। हमने यात्रियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले सरकारी रैन बसेरों की व्यवस्था की है, ताकि किसी को ठहरने में दिक्कत न हो।"
प्रशासन को उम्मीद है कि पांच जनवरी तक यह सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा। जिलाधिकारी ने अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए श्रद्धालुओं को सहर्ष आमंत्रित किया है और सभी के लिए मंगलमय जीवन की प्रार्थना की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें