अहंकार में धार्मिक धरोहरें मिटा रही है भाजपा : अखिलेश
लखनऊ 25 जनवरी (वार्ता) वाराणसी में दालमंडी चौड़ीकरण व घाटों के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही तोड़फोड़ पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह “भाजपाई अहंकार का भूकंप” है, जो मंदिरों को नुकसान पहुंचा रहा है और पूज्य वृक्षों की जड़ों तक उखाड़ी जा रही हैं। रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि धार्मिक स्थलों, संत-महात्माओं और सदियों पुरानी विरासत के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व विकास के नाम पर देश की सांस्कृतिक पहचान को नुकसान पहुंचा रहा है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि इन दृश्यों को देखकर हर संवेदनशील नागरिक का मन विचलित होना स्वाभाविक है।
उन्होंने भाजपा पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को ऐसे किसी भी कार्य से बचना चाहिए जिससे धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता प्रभावित हो। अखिलेश यादव ने भाजपा समर्थकों से भी आत्ममंथन करने की अपील करते हुए कहा कि देश और समाज सर्वोपरि हैं और किसी भी राजनीतिक एजेंडे से ऊपर होने चाहिए।सपा अध्यक्ष ने मांग की कि वाराणसी समेत प्रदेश के अन्य स्थानों पर हो रहे कार्यों की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सौंदर्यीकरण या विकास के नाम पर किसी भी धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक धरोहर या पर्यावरण को क्षति न पहुंचे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रही है और जरूरत पड़ी तो जनभावनाओं की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी करेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें