पंजाब केसरी अखबार के प्रकाशन के मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का सचदेवा ने किया स्वागत
नयी दिल्ली ,20 जनवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने हिंदी अखबार पंजाब केसरी के प्रकाशन को लेकर उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदूषण को आड़ बना कर समाचार पत्रों के प्रकाशन पर रोक लगाने के आम आदमी पार्टी (आप) की करतूत की भाजपा निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा प्रदूषण को आड़ बना कर अखबार की प्रिंटिंग प्रेसों पर प्रतिबंध लगाये गये थे, जिसे न्यायालय ने स्थगित कर दिया और समाचार पत्र के प्रकाशन की छूट दे दी है जो स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि यह अखबार दिवंगत लाला जगत नारायण द्वारा स्थापित निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर अडिग हैं और समय समय पर सरकारों की नीतियों पर तल्ख टिप्पणी करता रहता है।
उन्होंने कहा कि पंजाब केसरी समूह की निर्भीक पत्रकारिता से बौखलाई पंजाब सरकार ने समूह को प्रताड़ित करने के लिए इनकी प्रिंटिंग प्रेसों के साथ ही अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर गत दिनों छापा कर डराने की कोशिश की, लेकिन जब अखबार नहीं डरा तो प्रदूषण को आड़ बना कर समाचार पत्र प्रकाशन पर रोक लगा दी जिसकी दिल्ली भारतीय जनता पार्टी कड़ी निंदा करती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें