कांशीराम को मिले भारत रत्न : मायावती
लखनऊ 26 जनवरी (वार्ता) गणतंत्र दिवस के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक बार फिर पार्टी संस्थापक को लेकर अपनी मांग रखी है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को अब बिना किसी देरी के भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मायावती ने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि करोड़ों वंचित और उपेक्षित लोगों के संघर्ष को मान्यता देने जैसा होगा।
सुश्री मायावती ने कहा कि कांशीराम ने अपना पूरा जीवन बहुजन समाज के गरीबों, शोषितों और पीड़ित वर्गों को आत्मसम्मान व स्वाभिमान के साथ जीने का अधिकार दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने दलित-पिछड़े समाज को संगठित कर राजनीतिक ताकत दी और सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव रखी। उनके विचारों और आंदोलन ने देश की राजनीति को नई दिशा दी।
बसपा प्रमुख ने कहा कि देश में करोड़ों लोग कांशीराम को अपना मार्गदर्शक मानते हैं। ऐसे में भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान उन्हें दिया जाना बहुजन समाज की भावनाओं का सम्मान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बसपा लंबे समय से यह मांग करती आ रही है और अब केंद्र सरकार को इस पर गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए।
उन्होने यह भी कहा कि गणतंत्र दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह संविधान की मूल भावना पर आत्ममंथन का दिन है। उन्होंने सरकारों से अपील की कि वे दिखावे की राजनीति से हटकर गरीबों और वंचितों के जीवन में वास्तविक सुधार लाने पर ध्यान दें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें