खण्ड स्नातक के पांच व खण्ड शिक्षक के छह निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन

लखनऊ, 06 जनवरी (वार्ता) मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खण्ड स्नातक के 05 तथा खण्ड शिक्षक के 06 निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया है। यह प्रकाशन अर्हता तिथि एक नवम्बर 2025 के आधार पर किया गया है।
लोकभवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 12 सितम्बर 2025 को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल 06 दिसम्बर 2026 को समाप्त होने के कारण निर्वाचक नामावलियों को नये सिरे से तैयार किए जाने का कार्यक्रम जारी किया गया था। इसके क्रम में 30 सितम्बर 2025 को सार्वजनिक नोटिस जारी कर निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई।
जारी अंतिम प्रकाशन के अनुसार खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है, लखनऊ खण्ड स्नातक 2,11,756, वाराणसी खण्ड स्नातक 2,69,372, इलाहाबाद–झांसी खण्ड स्नातक 2,60,818, आगरा खण्ड स्नातक 1,80,293 तथा मेरठ खण्ड स्नातक 59,634 है।
इसी प्रकार खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में बरेली–मुरादाबाद 46,553, लखनऊ 36,217, गोरखपुर–फैजाबाद 52,257, वाराणसी 32,549, आगरा 51,532 एवं मेरठ 33,163 मतदाता पंजीकृत पाए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियां लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 22 एवं 23 के प्रावधानों के अंतर्गत नाम-निर्देशन की अंतिम तिथि तक सतत अद्यतनीकरण के लिए उपलब्ध रहेंगी। खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नाम सम्मिलित कराने हेतु आवेदक का भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अर्हता तिथि से पूर्व राज्य के किसी मान्यता प्राप्त शैक्षिक संस्थान में न्यूनतम निर्धारित अवधि तक शिक्षण कार्य में संलग्न होना आवश्यक है।
उन्होने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आगामी विधान परिषद चुनाव की आधार सूची होगी। उन्होंने सभी पात्र स्नातक एवं शिक्षकों से अपील की है कि वे प्रकाशित निर्वाचक नामावली में अपना नाम अवश्य जांच लें और आवश्यकता होने पर नियमानुसार समय रहते आवेदन प्रस्तुत करें।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास