गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल आनंदीबेन ने दी शुभकामनाएं
लखनऊ, 25 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों सहित समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक आदर्शों और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें विविधता में एकता की भावना का स्मरण कराता है और भारतीयता के गौरवपूर्ण स्वरूप को सशक्त करता है। उन्होंने बताया कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार देने के साथ-साथ उसके कर्तव्यों का भी निरंतर बोध कराता है।उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती उसकी विविधता, सहिष्णुता और जनभागीदारी में निहित है। इन्हीं मूल्यों के सहारे भारत आज विकास के हर क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। गणतंत्र दिवस हमें संविधान की गरिमा को समझने, उसकी शक्ति को पहचानने और अपने दायित्वों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे संविधान निर्माताओं के आदर्शों और महापुरुषों के सपनों को साकार करने का संकल्प लें तथा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभाएं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनता के नाम राज्यपाल का संदेश 26 जनवरी को प्रातः 8:30 बजे दूरदर्शन केंद्र, लखनऊ से तथा रात्रि 8:00 बजे प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से प्रसारित किया जाएगा।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें