गणतंत्र दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में पहली बार 'ध्वज वंदन' समारोह

वाराणसी, 26 जनवरी (वार्ता) भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में अत्यंत गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण, उप जिलाधिकारी पवन प्रकाश, डिप्टी कलेक्टर शम्भू शरण, नायब तहसीलदार मिनी एल. शेखर सहित मंदिर न्यास के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान गाकर मातृभूमि को नमन किया गया।
ध्वजारोहण के पश्चात् विगत दो वर्षों से चली आ रही नवाचार की परंपरा को जारी रखते हुए धाम स्थित भारत माता की प्रतिमा पर श्रद्धा एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से 'भारत माता आराधना' संपन्न हुई। इस वर्ष एक नया नवाचार करते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व की प्रेरणा से भारत माता प्रतिमा स्थल पर ही स्थापित राष्ट्रीय ध्वज की 'ध्वज वंदन' आराधना का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डमरू वादन एवं शास्त्रीगणों द्वारा स्वस्तिवाचन के साथ तिरंगे पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद भारत माता एवं राष्ट्रीय ध्वज की विधिवत आरती उतारी गई। इस दौरान मंदिर न्यास के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनसामान्य ने भाग लिया तथा भारत माता के चरणों में नमन कर देश की समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की।
सभी कार्यक्रमों के समापन पर मंदिर के बोर्ड रूम (सभागार) में एक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने अपने विचार व्यक्त किए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता, शांति, प्रगति एवं विश्व कल्याण की कामना की। सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे तथा बाबा श्री काशी विश्वनाथ के आशीर्वाद से राष्ट्र उन्नति एवं जनकल्याण में योगदान देते रहेंगे।
आज मंदिर के समस्त कार्यक्रमों एवं आरती-श्रृंगार में राष्ट्रीय पर्व की स्पष्ट छाप दिखाई दी। सोमवारीय रुद्राभिषेक में अविमुक्तेश्वर महादेव के अर्घ्य को राष्ट्रीय ध्वज के साथ अभिषेक किया गया। सभी आरती एवं श्रृंगार में तिरंगा थीम आधारित सजावट की गई है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर समस्त श्रद्धालुओं, नागरिकों एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सत्य, सनातन मूल्य एवं धर्म का प्रकाश सदैव बना रहे तथा हमारा राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होता रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास