मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं और ये धर्म की राजनीति कर रहे हैं: कांग्रेस


मथुरा 19 जनवरी (वार्ता) बनारस के मणिकर्णिका घाट पर माता अहिल्याबाई होलकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में सोमवार को मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप माथुर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बनारस में भाजपा के 'अराजक तत्वों' ने प्रशासन के सहयोग से अहिल्याबाई होलकर की मूर्ति पर बुलडोजर चलवा दिया। माथुर ने कहा, "जो लोग सनातन और धार्मिक आस्था की दुहाई देते हैं, उनके राज में आज देवी-देवताओं और महापुरुषों की मूर्तियां सुरक्षित नहीं हैं। यह वोटों के ध्रुवीकरण के लिए किया जा रहा है।"
कांग्रेस नेता ने बनारस कॉरिडोर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां विकास के नाम पर करीब 500 मंदिरों को तोड़ दिया गया। उन्होंने स्थानीय बांके बिहारी कॉरिडोर योजना को लेकर भी सरकार को घेरा। माथुर ने चेतावनी देते हुए कहा की उज्जैन और बनारस की तरह इनकी मंशा बांके बिहारी कॉरिडोर के नाम पर भी विध्वंस की है। यदि यहां कॉरिडोर बना, तो 250 मंदिरों और 500 सेवायत गोस्वामियों के घरों को तोड़ा जाएगा, जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे नेताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर पूरे देश की पूजनीय हैं और उनका अपमान निंदनीय है। एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के बाद माथुर ने स्पष्ट किया कि अगर मूर्तियों और मंदिरों को निशाना बनाना बंद नहीं हुआ, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी और भाजपा के 'दोहरे चरित्र' को जनता के सामने लाएगी।इस दौरान यतिन मुकुंद सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास