बैंकिंग सुविधाओं से बढ़ रहा स्वरोज़गार, महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर: आनंदीबेन

लखनऊ 27 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचने से स्वरोज़गार और उद्यमिता को नई गति मिली है। महिलाएं भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर व्यवसाय प्रारंभ कर रही हैं और आधुनिक तकनीकों के सहारे आत्मनिर्भर बन रही हैं।
राज्यपाल मंगलवार को गोमती नगर स्थित विराज खंड में एचडीएफसी बैंक के मेगा करेंसी चेस्ट एंड डब्ल्यूबीओ परिसर के उद्घाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने बैंकिंग प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय पर बैंक बंद होने के पीछे विस्तृत लेखा-जोखा और शेष धनराशि को सुरक्षित लौटाने की सुव्यवस्थित प्रक्रिया होती है, जो व्यवस्था की पारदर्शिता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि पहले आम व्यक्ति के लिए बैंक ऋण प्राप्त करना कठिन होता था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। महिला किसान और सामान्य नागरिक आसानी से बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। “ड्रोन दीदी” जैसी पहल का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महिलाएं अब ड्रोन, ट्रैक्टर जैसी तकनीकों के माध्यम से कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे रही हैं।
राज्यपाल ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि निजी क्षेत्र को शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विकास में आगे आना चाहिए। अनेक विद्यालयों में कंप्यूटर, स्मार्ट क्लास और भवन जैसी सुविधाओं का अभाव है, जिसे सरकारी प्रयासों के साथ निजी सहभागिता से दूर किया जा सकता है।
जन भवन में संचालित आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों के बच्चे भी यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, तथा विद्यालय को कक्षा 12 तक विस्तारित किए जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि गरीब और वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़े बिना विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य संभव नहीं है।
राज्यपाल ने गौ-संरक्षण का संदेश देते हुए औपचारिक अवसरों पर पुष्पों के स्थान पर गौशाला के लिए गुड़-रोटी भेंट करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नए करेंसी चेस्ट का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार, एचडीएफसी बैंक के कार्यकारी निदेशक भावेश ज़वेरी, ग्रुप हेड अरुण मेहंदी रता, गौरव राय सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास