मुर्मु ने देशवासियों को लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहु की शुभकामनाएं दी
नयी दिल्ली 12 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहु पर्वों की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति सचिवालय ने सोमवार को बताया कि श्रीमती मुर्मु ने अपने संदेश में कहा, " लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहु पर्वों के शुभ अवसर पर मैं, देश और विदेश में रह रहे सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। ये पर्व हमारी समृद्ध कृषि परंपराओं और सामुदायिक एकता के प्रतीक हैं। यह सभी त्योहार हमारी विविध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत रूप हैं। यह त्योहार हमारे अन्नदाता किसानों के अथक परिश्रम को सम्मान देने का भी अवसर है। देश भर में मनाये जाने वाले इन सभी त्योहारों के माध्यम से हम प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।"उन्होंने कहा, " इस शुभ अवसर पर मेरी कामना है कि हमारे समाज में प्रेम और भाईचारे की भावना अधिक प्रगाढ़ हो तथा हम एक समृद्ध देश के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करें।"

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें