इंदौर में दूषित पानी से मौतों पर मायावती चितिंत, सख्त कार्रवाई की मांग
लखनऊ 02 जनवरी (वार्ता) मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में दूषित पानी पीने से कई निर्दोष नागरिकों की मौत और बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की खबर ने देशभर में चिंता बढ़ा दी है। इस मामले पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने इसे स्थानीय समस्या नहीं बल्कि पूरे देश के लिये चेतावनी बताया है।
सुश्री मायावती ने शुक्रवार को एक्स पर लिखा “ इंदौर की यह घटना अत्यंत दुखद और चौंकाने वाली है। स्वच्छ पानी और स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना किसी भी सरकार की पहली और बुनियादी जिम्मेदारी होती है, लेकिन इंदौर की घटना ने सरकारी तंत्र की लापरवाही और उदासीनता को उजागर कर दिया है। यह केवल स्थानीय समस्या नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए चेतावनी है।”उन्होने कहा कि जिस तरह अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था में लापरवाही गंभीर परिणाम देती है, उसी तरह बुनियादी जन-सुविधाओं में भ्रष्टाचार और अनदेखी भी जानलेवा साबित हो रही है। इसका खामियाजा आम नागरिकों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
बसपा अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि इस शर्मनाक घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल और सख्त कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से भी इस मामले का संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की, ताकि देश के किसी अन्य राज्य में भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों। उन्होंने कहा कि जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें