गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के जिला कार्यालय पर फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज

गोरखपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद द्वारा जिला कार्यालय मुगलहा, मेडिकल कॉलेज रोड पर गरिमामय ढंग से झंडारोहण कर गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान परिषद के जिला अध्यक्ष राकेश तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता शशि कुमार तिवारी एवं वरिष्ठ पत्रकार पंडित रामकृष्ण शरण मणि त्रिपाठी द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान गाकर देश की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर परिषद के जिला अध्यक्ष राकेश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान में निहित अधिकारों एवं कर्तव्यों की याद दिलाता है। पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा करना समाज और प्रशासन दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद सदैव पत्रकारों के हितों, सुरक्षा एवं न्याय के लिए संघर्षरत रहेगी।

जिला प्रभारी दुर्गेश मिश्र ने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों का प्रतीक है। आज के समय में पत्रकार अनेक चुनौतियों और जोखिमों के बीच कार्य कर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को संगठित कर उनके अधिकारों की रक्षा करना तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, अन्याय या शोषण के विरुद्ध आवाज बुलंद करना है। परिषद आने वाले समय में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, विधिक सहायता एवं संगठनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान देगी।

दुर्गेश मिश्र ने सभी पत्रकार साथियों से आह्वान किया कि वे निष्पक्ष, निर्भीक और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं तथा संविधान की मर्यादा के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

वरिष्ठ अधिवक्ता शशि कुमार तिवारी ने कहा कि संविधान ने हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दी है, जिसका जिम्मेदारी के साथ निर्वहन आवश्यक है। पत्रकारों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा हेतु कानूनी स्तर पर हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

वरिष्ठ पत्रकार पंडित रामकृष्ण शरण मणि त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता राष्ट्र सेवा का माध्यम है। सत्य, साहस और निष्पक्षता के साथ पत्रकारों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

झंडारोहण के उपरांत परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच मिष्ठान वितरण किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रभारी दुर्गेश मिश्र, वशिष्ठ मुनि पांडे, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, दयानंद जायसवाल, शिवेश चंद्र चतुर्वेदी, शिव शंकर गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, जुबेर अहमद सहित परिषद के अनेक सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं पत्रकार सुरक्षा के संकल्प के साथ किया गया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास