माघ मेले में एटीएस ने संभाला मोर्चा, स्नाइपर हुए तैनात
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एटीएस की टीम में स्नाइपर भी शामिल हैं। तीन जनवरी से 15 फरवरी तक चलने वाले मेले में सुरक्षा के लिए एटीएस को भी बुलाया गया है। एटीएस की दो टीमों ने माघ मेले में पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। वहीं, पुलिस व पीएसी के साथ ही पैरामिलिट्री भी तैनात की गई है।
उन्होंने बताया कि एटीएस की टीम में शामिल स्नाइपर मुख्य स्नान पर्वों पर संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे। विशेष रूप से प्रशिक्षित और अत्याधुनिक हथियारों से लैस स्नाइपर गड़बड़ी फैलाने वालों पर खास नजर रखेंगे। वहीं, स्नानार्थियों के लिए जमीन और पानी में चलने वाली एक नाव को भी सुरक्षा में तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर 17 थाने, 42 चौकियां बनाई गई हैं। इसके लिए 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। स्नान घाटों पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के साथ ही फ्लड कंपनी पीएसी और गोताखोर तैनात हैं। इसके अतिरिक्त साइबर थाना और महिला सुरक्षा के लिए एक महिला हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। साथ ही अग्निशमन विभाग, जल पुलिस, पीएसी, आरएएफ, एनडीआरएफ समेत अन्य एजेंसियां भी सक्रिय हैं। इस बार मेला क्षेत्र में आग लगने पर दो से तीन मिनट में घटनास्थल पर पहुंचने का रिस्पांस टाइम है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें