गोरखपुर महोत्सव लोक कला,हस्तशिल्प को ख्याति दिलाने का सशक्त माध्यम: जयवीर


गोरखपुर, 11 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, कला, संगीत, नृत्य एवं हस्तशिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है। श्री सिंह ने रविवार को गोरखपुर स्थिति चम्पा देवी पार्क में आयोजित तीन दिवसीय गोरखपुर महोत्सव का शुभारंभ करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के महोत्सव न केवल सांस्कृतिक संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में पर्यटन एवं संस्कृति के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जहां प्रदेश को बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, वहीं आज मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उतर प्रदेश लगातार विकास की लंबी छलांग लगा रहा है और यह सब प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था का परिणाम है। आज उत्तर प्रदेश टूरिज्म का नये हब के रूप में दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर महोत्सव के माध्यम से पूर्वांचल की लोकसंस्कृति, खान-पान, पारंपरिक कलाएं तथा स्थानीय उत्पादों को मंच प्रदान किया जा रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों एवं शिल्पकारों को प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महोत्सव परिसर में हस्तशिल्प, पुस्तक मेला, खादी, ओडीओपी उत्पादों, स्थानीय व्यंजनों तथा पर्यटन से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसे आमजन द्वारा सराहा जा रहा है। गोरखपुर महोत्सव आगामी 7 दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराएगा।
इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने संबोधित किया तथा मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए महोत्सव की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास