सपा की लोकप्रियता से बौखला गई है योगी सरकार : माता प्रसाद

प्रयागराज, ( दिनेश तिवारी ) माघ मेले में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा नहीं लगेगी।  उनके स्थापन पर श्रीराधा.कृष्ण की मूर्ति रख दी गई है।

       मेला प्रशासन के नोटिस के बाद यह निर्णय लिया गया है। बृहस्पतिवार को सेक्टर नंबर छह मुलायम सिंह यादव स्मृति सेवा संस्थान के शिविर में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि योगी सरकार तानाशाही पर उतारू है। नेताजी मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा को मेले में स्थापित नहीं करने दी गई। महाकुंभ में प्रतिमा स्थापित की गई थी, लेकिन माघ मेले में प्रतिमा लगाने पर आपत्ति की जा रही है।

     उन्होंने बताया कि यहां तक की संस्था के प्रबंधक संदीप यादव के ऊपर गुंडा एक्ट लगा दिया गया है और गैंगस्टर लगाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से नोटिस जारी होने के बाद अब यह साफ हो गया है कि मुलायम सिंह यादव स्मृति सेवा संस्थान के शिविर में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की मूर्ति स्थापित नहीं की जाएगी। बल्कि इसके बदले शिविर में राधा और कृष्ण की मूर्ति यज्ञशाला में स्थापित कर दी गई है। 

      उन्होंने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि पिछली बार महाकुंभ मेले में मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा लगाई गई थी। लेकिन पहले प्रशासन ने इसे राजनीतिकरण बताते हुए इस पर रोक लगाई।

इसी के चलते इस शिविर के संस्थापक सपा नेता संदीप यादव के खिलाफ आपराधिक मुकदमे लिखकर उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। उन्होंने सपा नेता संदीप यादव के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी  सरकार समाजवादी पार्टी की लोकप्रियता से डरी हुई है। इसलिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। 

    श्री पांडेय ने कहा है कि मुलायम सिंह यादव स्मृति सेवा संस्थान में किसी तरह का कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा है कि कानून व्यवस्था की स्थिति देखते हुए और मेला प्रशासन के विचार को देखते हुए हमने मुलायम सिंह यादव की मूर्ति न रखने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि शिविर में अब  श्री राधा.कृष्ण की मूर्ति लगा दी गई है।

    उन्होंने शिविर संस्थापक सपा नेता संदीप यादव के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर कहा है कि संदीप यादव कोई गुंडा नहीं है। बल्कि राजनीतिक कार्यकर्ता है, वह शहर उत्तरी विधानसभा से चुनाव लड़ चुका है। उन्होंने कहा कि संदीप यादव पर जो मुकदमे हैं वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किए गए आंदोलनों को लेकर दर्ज किए गए हैं।  ऐसे मुकदमे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी दर्ज थे। उन्होंने भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि सपा कार्यकर्ताओं पर इस तरह के मुकदमे लिखकर उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है।


नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान पर हमला बोला है जिसमें उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी में 30 करोड़ में माघ मेला होता था। हमारी सरकार में तीन गुना से ज्यादा 100 करोड़ में मेला आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा कि 100 करोड़ खर्च नहीं हो रहा है। बल्कि 100 करोड़ सरकार खा रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 100 करोड़ में भी सरकार अच्छे ढंग से मेला नहीं करा पा रही है।  मेले की व्यवस्थाएं अभी तक पूरी नहीं हो पाई हैं। उन्होंने महाकुंभ के आयोजन की आलोचना करते हुए कहा है कि महाकुंभ में सरकार ने बड़े.बड़े दावे किए थे लेकिन मैं खुद महाकुंभ मेले में अंदर तक नहीं आ पाया। बल्कि बाहर अरैल से ही वापस जाना पड़ा था।

       माघ मेले में साधु संतों की नाराजगी और विरोध प्रदर्शन को लेकर कहा है कि उनकी नाराजगी का क्या कारण है मैं यह नहीं जानता हूं। लेकिन यह कह सकता हूं कि सरकार की तैयारी पूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को साधु संतों की बात सुननी चाहिए। श्री केशव प्रसाद मौर्य को भी इसमें लोगों को सुविधा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मेले की हकीकत यही है कि मेले में आम आदमी नहीं विरोध प्रदर्शन कर रहा है।बल्कि साधु संत विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास