यूपी हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में गोरखपुर ने किया बेहतर प्रदर्शन
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि एडी हेल्थ डॉ जयंत कुमार के कुशल दिशा-निर्देशन में गोरखपुर मंडल को डैशबोर्ड रैंकिंग में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल हुआ है। उन्होंने बताया कि अप्रैल दो हजार पचीस में गोरखपुर जिले की इकतीसवीं रैंक थी, जिसमें पहली बार सितम्बर दो हजार पचीस में सबसे अधिक सुधार हुआ और जनपद को टॉप फाइव में स्थान मिल सका। नवम्बर दो हजार पचीस में भी जनपद टॉप फाइव में शामिल रहा। इस रैंकिंग का निर्धारण चार या चार से अधिक प्रसव पूर्व जांच व हिमोग्लोबिन की जांच, संस्थागत प्रसव दर, सी सेक्शन डिलेवरी रेट, स्टिल बर्थ रेशियो, एचबीएनसी विजिट्स और नियमित टीकाकरण सहित करीब तेरह संकेताकों के आधार पर किया जाता है।
डॉ झा ने बताया कि गोरखपुर जिले ने चार या चार से अधिक प्रसव पूर्व जांच व हीमोग्लोबिन जांच, एचबीएनसी विजिट्स और गर्भवती की एचआईवी जांच जैसे संकेतांकों में शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। जिले को 0.66 का कम्पोजिट स्कोर हासिल हुआ है। इस उपलब्धि में चरगांवा, सरदारनगर और पाली ब्लॉक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सीएमओ ने बताया कि एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी, डीपीएम पंकज आनंद, डीसीपीएम रिपुंजय पांडेय, डीडीएम पवन कुमार सहित इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी स्वास्थ्यकर्मी बधाई के पात्र है। हमारा प्रयास होगा कि और भी बेहतर रैंक हासिल की जाए।
सीएमओ ने बताया कि इस बार गणतंत्र दिवस परेड में डुमरी खास नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी लखनऊ में आकर्षण का केंद्र बना। इसके लिए वहां की पूरी टीम प्रशंसा की पात्र है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें