न्यायालय के आदेश पर बंजर भूमि में स्थित अवैध मजार ध्वस्त
देवरिया,11 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में देवरिया के गोरखपुर रोड पर बंजर भूमि में बनी अवैध मजार को रविवार को प्रशासन ने न्यायालय के आदेश के बाद ध्वस्त करा दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मेहरड़ा पुरवा में स्थित जमीन के बारे में शिकायत मिली थी कि बंजर पड़ी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर तथाकथित मजार का निर्माण करा लिया है। जिसका मुकदमा उप जिलाधिकारी सदर देवरिया की अदालत में विचाराधीन था और मामले की सुनवाई नौ जनवरी को हुई थी। न्यायालय ने उभय पक्षों की बहस और दलील सुनने के बाद आदेश किया कि उक्त मजार अवैध है और मजार कमेटी को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था।आदेश के क्रम में आज प्रशासन ने तीन बुलडोजर लगा कर हटवाने का कार्य शुरू कर दिया तथा अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा सहित कई प्रशासनिक व पुलिस के अफसर तैनात थे। इस दौरान मजार कमेटी के अध्यक्ष मो. राशिद खां ने प्रशासन को लिखित रूप से आश्वस्त किया था कि वे अतिक्रमण को हटाने में पूरा सहयोग करेंगे। इसके बाद मजार कमेटी की तरफ से खुद भी परिसर में रखा सामान हटाया जाने लगा।
सूत्रों के अनुसार आज शाम करीब साढ़े तीन बजे प्रशासन का बुलडोजर मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी। इस मामले को देवरिया के सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी शासन और प्रशासन के समक्ष उठाया था।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें