यूपी के ग्राम पंचायतों में डिजिटल क्रांति की नई शुरुआत
लखनऊ 21 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश की ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में योगी सरकार लगातार कदम बढ़ा रही है।बुधवार को इसी क्रम में लखनऊ की दो ग्राम पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत करते हुए महत्वपूर्ण डिजिटल पहल को धरातल पर उतारा गया है।
लखनऊ के ब्लॉक सरोजनीनगर की ग्राम पंचायत भटगनवां पांडेय तथा चिनहट ब्लॉक की सैरपुर ग्राम पंचायत में आधार सेवा शुरू होने के बाद अब तक 40 से अधिक ग्रामीण नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यह पहल पंचायत स्तर पर नागरिक सेवाओं की सहज, पारदर्शी एवं सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विभागीय योजना के अनुसार पहले चरण में प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी, जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश की सभी 57,694 ग्राम पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पंचायती राज विभाग द्वारा पंचायत सहायकों का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अब तक 800 से अधिक पंचायत सहायकों को प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि शेष पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण कार्य प्रगति पर है।
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि “ग्राम स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। यह पहल न केवल समय और संसाधनों की बचत करेगी, बल्कि पंचायतों को आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी।”
वहीं निदेशक, पंचायती राज विभाग अमित कुमार सिंह ने कहा कि “पंचायती राज विभाग ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। आधार सेवाओं की यह शुरुआत पंचायतों को नागरिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। आने वाले समय में इसका लाभ प्रदेश के हर गांव तक पहुंचेगा।”
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें