यूपी में आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में दाखिले के लिए दो फरवरी से आवेदन

लखनऊ 19 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत सीटों पर निःशुल्क दाखिले की प्रक्रिया को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा) कार्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-1/पूर्व-प्राथमिक में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी, जिसमें आवेदन, सत्यापन, लॉटरी और दाखिले की अंतिम तिथि तय की गई है।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के स्तर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन 2 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। इसी अवधि में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी/नामित अधिकारी द्वारा आवेदन पत्रों की जांच व सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 18 फरवरी को ऑनलाइन लॉटरी के जरिए चयन होगा, जबकि चयनित बच्चों को संबंधित निजी विद्यालयों में 20 फरवरी 2026 तक दाखिला दिलाया जाएगा।
दूसरे चरण में आवेदन की तारीख 21 फरवरी से 07 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इस चरण में 09 मार्च 2026 को लॉटरी निकाली जाएगी और विद्यालयों को 11 मार्च 2026 तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं तीसरे चरण में ऑनलाइन आवेदन 12 मार्च से 25 मार्च 2026 के बीच होंगे। लॉटरी 27 मार्च 2026 को होगी और 29 मार्च 2026 तक दाखिले का कार्य पूरा कराया जाएगा।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन आवेदन शुरू होने से पहले मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की सूची, सीटों का विवरण और क्षमता को जनपद स्तर पर अपडेट किया जाए। साथ ही जनपद में नोडल अधिकारी नामित कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बच्चों तक योजना की जानकारी पहुंच सके।
ऑनलाइन आवेदन के लिए अभिभावकों को आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र सहित जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने को कहा गया है। शासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और पात्रता के आधार पर पूरी कराई जाए, ताकि वंचित व जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का लाभ समय पर मिल सके।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास