गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए दस हजार विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया
नयी दिल्ली 19 जनवरी (वार्ता) कर्तव्य पथ पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस की परेड देखने के लिए हर वर्ष की भांति इस बार भी विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 10,000 विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
इन अतिथियों में आय एवं रोजगार सृजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रेष्ठ नवोन्मेषक, शोधकर्ता एवं स्टार्ट-अप्, स्वयं सहायता समूह तथा प्रमुख सरकारी पहलों के अंतर्गत श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले व्यक्ति शामिल हैं। इन्हें राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मानित करने तथा राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों में जन भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आमंत्रित किया गया है।रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि इन विशेष अतिथियों के कर्तव्य पथ पर बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है। समारोह के अतिरिक्त इनके लिए राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं दिल्ली के अन्य प्रमुख स्थलों के भ्रमण की व्यवस्था की गई है। इन्हें संबंधित मंत्रियों से संवाद करने का अवसर भी मिलेगा।
इन विशिष्ट अतिथियों में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के विजेता, प्राकृतिक खेती करने वाले किसान, 'दलहन आत्मनिर्भरता मिशन' के अंतर्गत दलहन, तिलहन एवं मक्का की खेती के लिए सब्सिडी प्राप्त करने तथा श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले किसान, पीएम स्माइल (हाशिए पर पड़े व्यक्तियों के लिए आजीविका एवं उद्यम सहायता) योजना के अंतर्गत पुनर्वासित ट्रांसजेंडर एवं भिक्षावृत्ति से जुड़े व्यक्ति, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान योजना के लाभार्थी, प्रशिक्षित मैत्री (ग्रामीण भारत में बहुउद्देश्यीय एआई तकनीशियन) जो पशुपालन सेवाएं प्रदान कर रहे हैं तथा पशु प्रजनन सेवाओं में सुधार कर रहे हैं,
राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन के अंतर्गत साईट (हरित हाइड्रोजन परिवर्तन हेतु रणनीतिक हस्तक्षेप) कार्यक्रम के तहत हाइड्रोजन उत्पादन एवं इलेक्ट्रोलाइज़र निर्माण हेतु प्रोत्साहन प्राप्त करने वाली कंपनियों के प्रमुख/सीईओ , गगनयान, चंद्रयान आदि हालिया इसरो अभियानों में शामिल श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले वैज्ञानिक/तकनीकी विशेषज्ञ, चिकित्सा, औद्योगिक एवं कृषि उपयोग हेतु आइसोटोप उत्पादन के क्षेत्र में श्रेष्ठ शोधकर्ता/नवोन्मेषक और डीप ओशन मिशन के अंतर्गत शोधकर्ता/वैज्ञानिक शामिल हैं।
इसके अलावा अटल नवाचार मिशन के अंतर्गत अटल टिंकरिंग लैब्स में प्रशिक्षित श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी, विभिन्न अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के विजेता, पीएम धन धान्य कृषि योजना के अंतर्गत डेयरी या जैविक खेती के लिए प्रशिक्षण, ऋण एवं बाजार संपर्क प्राप्त करने वाले महिला उत्पादक समूह, खादी विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कारीगर, पीएम जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान योजना के लाभार्थी
स्वास्थ्य, नवाचार, शिक्षा आदि क्षेत्रों में ज्ञान एवं जागरूकता प्रदान कर जनजातीय नागरिकों को सशक्त बनाने हेतु कार्यरत आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी एवं आदि साथी, पशुपालन अवसंरचना विकास निधि से ऋण प्राप्त करने वाले व्यक्ति, निजी कंपनियां, एफपीओ, एमएसएमई आदि, सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्टार्ट-अप्स/एमएसएमई, प्रमुख परियोजनाओं पर कार्यरत डीआरडीओ के श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले वैज्ञानिक/तकनीकी विशेषज्ञ और बायो ई3 नीति के अंतर्गत श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बायोटेक स्टार्ट-अप्स उद्यमियों को भी आमंत्रित किया गया है।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि साथ ही स्वावलंबी भारत (एसआरआई) फंड से पूंजी प्राप्त करने वाले श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एमएसएमई, पीएम श्रमयोगी मानधन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त करने वाले असंगठित क्षेत्र के श्रमिक , कृषि बाजार अवसंरचना निधि से लाभान्वित किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना के अंतर्गत जन औषधि केंद्र खोलने हेतु विशेष प्रोत्साहन प्राप्त करने वाली महिला उद्यमी, दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, पूर्व सैनिक, जीएसटी 2.0 के लाभ ग्राहकों तक पहुंचाने वाले श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दुकानदार/व्यापारी/एमएसएमई , नवाचार, अंतरिक्ष, चिकित्सा आदि क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्टार्ट-अप, वीर गाथा परियोजना के विजेता, केंद्र सरकार की योजनाओं में संतृप्ति प्राप्त करने वाली पंचायतों के सरपंच , प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पक्के मकान प्राप्त करने वाले ग्रामीण और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्राकृतिक आपदाओं, कीट एवं रोगों से फसल क्षति के विरुद्ध वित्तीय सुरक्षा प्राप्त करने वाले किसान को भी परेड देखने के लिए विशेष रूप से बुलाया गया है।
गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किये गये अतिथियों में महिला कॉयर योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिला कारीगर, मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के अंतर्गत श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभान्वित रेहड़ी-पटरी विक्रेता, उत्तर-पूर्वी क्षेत्र से श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कारीगर, खिलाड़ी, जनजातीय लोग, उद्यमी, गायक, नर्तक आदि, पीएम मुद्रा योजना के माध्यम से ऋण प्राप्त करने वाली महिला उद्यमी, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के निर्माण कार्यकर्ता, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत जल योद्धा, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम (एनएमडीएफसी) के लाभार्थी, पीएम इंटर्नशिप योजना के श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले इंटर्न और राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता के विजेता बच्चे भी शामिल हैं।
विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ता/स्वयंसेवक , श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली प्राथमिक कृषि साख समितियां (पैक्स) , श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले माई भारत स्वयंसेवक, एनआरएलएम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिलाएं (लखपति दीदी), पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कारीगर एवं शिल्पकार, कर्तव्य भवन के निर्माण कार्यकर्ता, जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों, गरीब एवं हाशिए पर पड़े समुदायों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल गांवों, विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों आदि को नल जल कनेक्शन प्राप्त करने वाले लोग, श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बौद्धिक संपदा धारक जैसे पेटेंट, डिजाइन, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क आदि, 'मन की बात' के प्रतिभागी, सीड योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह आजीविका घटक की महिला लाभार्थी, युवा विनिमय कार्यक्रम (वाईईपी)-2026 के विदेशी प्रतिनिधि एवं उनके साथ आए भारतीय दल, द्वितीय वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन 2026 में भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय एवं भारतीय भिक्षु प्रतिनिधिमंडल और अंतरराष्ट्रीय खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी ओलंपियाड (जूनियर) 2025 के पदक विजेता भी शामिल हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें