नये उपकरणों से बढ़ेगी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, समुदाय को मिलेंगी बेहतरीन सेवाएं
सीएमओ डॉ राजेश झा ने बताया कि एक ओटी टेबल, एक ओटी लाइट, एक कॉटरी मशीन, तीन कार्डियो मॉनिटर, दस वजन मशीन और सात बीपी मशीने स्वास्थ्य विभाग को आईडीबीआई बैंक की देवरिया शाखा ने भेंट की है। इनकी मदद से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतरीन उपचार की सुविधा मिल सकेगी। ओटी टेबल के जरिये बासगांव में सर्जिकल प्रक्रिया सरल और सटीक होगी। ओटी लाइट की मदद से पिपराईच सीएचसी पर नाइट शिफ्ट में भी सुरक्षित सर्जरी सुनिश्चित होगी। पिपराईच सीएचसी को एक कॉटरी मशीन, पिपराईच, कैम्पियरगंज और चौरीचौरा को एक एक कॉर्डियो मॉनिटर, सहजनवां, बांसगांव, पिपराईच, कैम्पियरगंज, चौरीचौरा, बड़हलगंज और बेलघाट में एक एक वजन मशीन व बीपी मशीन दी गई है।
इस अवसर पर एजीएम प्रसून कुमार ने कहा कि बैंक हमेशा से सामाजिक कल्याण के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान देकर ग्रामीण भारत को मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। बैंक के देवरिया ब्रांच के हेड रोहित यादव ने कहा कि स्थानीय स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपकरण भेंट करने का यह प्रयास किया गया है। इन मशीनों की मदद से फर्स्ट रेफरल यूनिट की व्यवस्था सशक्त होगी। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एके चौधरी ने कहा कि इन मशीनों की मदद से ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था का सशक्तीकरण संभव हो सकेगा। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ अश्विनी चौरसिया और फार्मासिस्ट रमेश सिंह भी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें