नए यमुना ब्रिज की तरह 150 साल से अधिक पुराना रेलवे ब्रिज भी लाइटों से जगमग होगा
नगर निगम ने अन्य पुलों की तरह यमुना पर बने पुराने पुल पर भी लाइटें लगाने की तैयारी कर ली है। पुल पर लाइटें लगाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों ने एनसीआर के अधिकारियों से बात की है। बताया जा रहा है कि रेलवे केअधिकारियों ने पुल पर लाइट लगाने की मौखिक स्वीकृति दे दी है।
लाइट लगाने को लेकर महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने बताया कि दो टायर वाले शहर के सबसे पुराने पुल पर अंधेरा रहता है। ऊपरी टायर से ट्रेनें जाती हैं। उन्होने बताया कि पुल के लोअर टायर से छोटे वाहनों की आवाजाही होती है। सूर्यास्त के बाद पुल से वाहन अंधेरे में आवागमन करते हैं। पुल पर लाइट लगाने की लगातार मांग हो रही है। नगर निगम लाइट लगाने के लिए तैयार है। रेलवे के अधिकारियों । से पुल की सड़क मरम्मत करने का भी आग्रह किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को योजना बनाने का निर्देश दिया है।
अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार शुक्ल ने बताया कि पुराने यमुना पुल के पास रौनक बढ़ गई है। पुल के पास ही शाम को लेजर शो देखने लोग जाते हैं। वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियां बढ़ गई हैं। अब फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का संचालन भी पुल के पास हो रहा है। ऐसे में लाइट लगने से शहर के सबसे पुराने पुल की खूबसूरती बढ़ जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें