जापान दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री ने मित्सुई एंड कंपनी को यूपी में निवेश के लिए दिया आमंत्रण


लखनऊ/टोक्यो, 25 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के पहले दिन जापान की प्रमुख ट्रेडिंग और निवेश कंपनी मित्सुई एंड कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कंपनी को उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश और औद्योगिक साझेदारी के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से चार प्रमुख क्षेत्रों नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी), सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर में निवेश के अवसरों को लेकर चर्चा की। नवीकरणीय ऊर्जा के अंतर्गत सौर ऊर्जा, बायो-एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं पर निवेश की संभावनाएं प्रस्तुत की गईं। वहीं आईसीटी क्षेत्र में आईटी पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, डिजिटल सेवाएं और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
वहीं सेमीकंडक्टर सेक्टर में चिप निर्माण और इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई, जबकि डेटा सेंटर क्षेत्र में हाइपर-स्केल डेटा सेंटर, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल कनेक्टिविटी हब स्थापित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत-जापान आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने राज्य की बेहतर कनेक्टिविटी, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, विस्तृत एक्सप्रेस-वे नेटवर्क और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह निवेशकों के लिए अत्यंत अनुकूल स्थान है।
साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों, सिंगल विंडो सिस्टम और त्वरित स्वीकृति प्रक्रिया की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि निवेशकों को पारदर्शी, सुरक्षित और सहयोगात्मक वातावरण प्रदान किया जाएगा।

टिप्पणियाँ