सपा सरकार में स्थापित चिकित्सा संस्थानों की अनदेखी कर रही है योगी सरकार: अखिलेश
लखनऊ, 17 फरवरी (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर आरोप लगाया है कि सपा शासनकाल में स्थापित मेडिकल कॉलेजों, कैंसर इंस्टीट्यूट और अन्य अस्पतालों की जानबूझकर अनदेखी की जा रही है।श्री यादव का कहना है कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में कई मेडिकल कॉलेजों की इमारतें तो खड़ी कर दीं, लेकिन उन्हें सुचारु रूप से संचालित करने की दिशा में पर्याप्त प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर बिना पर्याप्त डॉक्टरों और स्टाफ के संचालित हो रहे हैं या अधूरी स्थिति में हैं, जिससे मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है।
सपा ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने जनहित के अस्पतालों की बजाय अपने राजनीतिक और प्रशासनिक ढांचे को प्राथमिकता दी है। पार्टी का दावा है कि स्वास्थ्य व्यवस्था की मौजूदा स्थिति से स्पष्ट है कि विभागीय समन्वय और प्रभावी नेतृत्व का अभाव है। स्वास्थ्य मंत्री पर भी सपा ने निशाना साधते हुए कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली कमजोर हुई है और मंत्री की भूमिका सीमित दिखाई देती है। सपा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की स्थिति चिंताजनक है और भविष्य में मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान बदलाव की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
पार्टी ने प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं की बदहाल स्थिति के लिए कथित लापरवाही और भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया। बयान के अंत में सपा ने नारा देते हुए कहा, “भाजपा जाए तो सेहत सुधर पाए।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें