जारी रहेगी अस्पतालों के ओटी की चेकिंग, लापरवाही पर होगी कार्रवाई-सीएमओ
सीएमओ डॉ झा ने कहा है कि सरकारी अस्पताल हो या फिर निजी अस्पताल, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुरक्षित स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। संक्रमणमुक्त वातावरण में ही यह संभव है। सभी अस्पतालों का दायित्व है कि वह संक्रमणमुक्त स्वास्थ्य सेवा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करें। फातिमा बाईपास और छात्रसंघ चौराहे पर दो अलग-अलग नेत्र चिकित्सालयों की ओटी देखने के दौरान सीएमओ डॉ झा ने कहा कि स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। जो भी निर्धारित प्रोटोकॉल हैं उनका पालन हो और किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सीएमओ ने निजी चिकित्सा संगठनों और सरकारी अस्पतालों के प्रमुखों से बात कर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि वह संस्थान के स्तर पर भी इंफेक्शन कंट्रोल के लिए मजबूत प्रयास करें। निरंतर स्टॉफ के साथ बैठकें कर सुनिश्चित करें कि वह चेकलिस्ट के अनुसार इंफेक्शन कंट्रोल के लिए कदम उठा रहे हैं। डॉ झा ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बड़ी घटना का कारक बन सकती है और मरीजों के जीवन तथा भविष्य के साथ खिलवाड़ हो सकता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें