नामांकन वापसी का समय समाप्त, करीब 2,200 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
नयी दिल्ली, 26 मार्च (वार्ता) असम, केरल और पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनावों के साथ-साथ गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में उपचुनावों के लिए नामांकन वापस लेने की समय-सीमा गुरुवार दोपहर तीन बजे समाप्त हो गयी।चुनाव आयोग के मुताबिक नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो चुकी है और लगभग 2,200 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 15 मार्च को की गयी थी, जिसके तहत मतदान का पहला चरण नौ अप्रैल को निर्धारित है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार तीन राज्यों की 296 विधानसभा सीटों पर 2,140 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। असम की 126 सीटों पर 789 उम्मीदवार, केरल की 140 सीटों पर 985 उम्मीदवार और पुडुचेरी की 30 सीटों पर 366 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं उपचुनावों में चार राज्यों के पांच निर्वाचन क्षेत्रों में 66 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
चुनाव आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि नामांकन पत्रों की जांच रिटर्निंग अधिकारियों ने उम्मीदवारों और उनके अधिकृत एजेंटों की उपस्थिति में की और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी है। वैध नामांकित उम्मीदवारों की सूची, फोटो के साथ नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गयी है।
नामांकन प्रक्रिया इस महीने की शुरुआत में शुरू हुई थी, जिसमें पर्चा दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च तय की गयी थी। 24 मार्च को जांच के बाद नामांकन वापसी का समय दोपहर 3 बजे समाप्त हो गया। यह प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अगले महीने होने वाले मतदान से पहले चुनावी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में मतदाताओं तक पहुंचने के लिए राजनीतिक दलों के बीच प्रचार अभियान का मंच तैयार हो गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें