उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति, विकास और उन्नति की ओर अग्रसर है: स्वतंत्र देव सिंह
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमूल्य मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व एवं परिश्रम की पराकाष्ठा के कारण उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में विकास, विश्वास और सुशासन की एक नई परिभाषा गढ़ निरंतर प्रगति, विकास और उन्नति की ओर अग्रसर है|
उत्तर प्रदेश सरकार के ‘‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’’ पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए जल शक्ति विभाग मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले 9 वर्षों में विकास, विश्वास और सुशासन की एक नई परिभाषा गढ़ी है और आज राज्य विकास के पथ पर तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। सेवा और सुरक्षा का सुशासन, निवेश का केन्द्र, एक्सप्रेस वे का नेटवर्क, सुशासन का माडल और ‘‘ईज आफ डूईंग बिजनेस’’ में अग्रणी, उत्तर प्रदेश की नई पहचान हैं। उन्होंने कहा कि नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की दशा व दिशा दोनों बदल गयी है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में चहुंमुखी विकास के कार्य हुए है। डबल इंजन की सरकार में प्रयागराज से काशी, मथुरा, चित्रकूट व अन्य जनपदों के लिए फोर लेन सिक्स लेन सड़क, पुल, आरओबी के निर्माण से आमजन को जाम से मुक्ति मिलने के साथ ही आवागमन में सुगमता आयी है। प्रयागराज से मेरठ को जोड़ने वाला गंगा एक्सप्रेस-वे एवं रामवनगमन मार्ग का निर्माण कार्य भी पूर्ण होने वाला है।
जल शक्ति विभाग मंत्री ने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं व नीतियों के माध्यम से प्रदेश में एक नए युग का निर्माण हो रहा है। डबल इंजन की सरकार में आज पात्र लोगों को पक्का आवास, गैस कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन, नल से जल, राशन, शौचालय, शिक्षा, इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधाएं मिली है। किसानों के आर्थिक सहयोग के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि दी जा रही है, इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दीदियों को लखपति बनाने तथा मानव जीवन के स्तर को ऊंचा उठाने का काम कर रही है।
प्रभारी मंत्री ने लोगो से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने बच्चों की शिक्षा और परवरिश पर विशेष ध्यान दें, यहीं हमारे कल के भविष्य है। बच्चें जो आज मोबाइल के एक प्रकार से लती हुए जा रहे है, उन्हें अभी से इसका उपयोग न करने दें। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को पढ़ाने, उन्हें संस्कार देने तथा अनुशासित रखने की शिक्षा देने के लिए कहा है। हमारी केंद्र व प्रदेश की सरकार सबका साथ-सबका-विकास और सबके विश्वास के मूल मंत्र के साथ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गो के लिए काम कर रही है।
एक सवाल के जवाब मे मंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के साथ-साथ प्रयागराज में सुरक्षा और कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे कोई भी, किसी भी समय और कहीं भी भय मुक्त होकर आ जा सकता है| हमारी बेटियां व महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में शांति का माहौल बना है तथा हमारा प्रदेश दंगा मुक्त प्रदेश बना है। समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्तियों का भी कल्याण हुआ है और वे सभी विकास की धारा में बराबर के भागीदार बन रहे है एवं खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें