केरल में विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को , मतगणना चार मई को
नयी दिल्ली, 15 मार्च (वार्ता) केरल की सभी 140 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में नौ अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। मतगणना चार मई को होगी तथा उसी दिन परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे।चुनाव आयोग ने यहां रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की।इसके अनुसार राज्य के लिये चुनाव की अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी और इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल करने शुरू हो जाएंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है, जिसके बाद 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 26 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
कुल 140 सीटों में से 14 सीटें अनुसूचित जाति के लिए और दो सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
राज्य की मतदाता सूची के अनुसार केरल में कुल 2,71,06,059 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें सामान्य मतदाताओं की संख्या 2,70,52,007 है, जबकि सर्विस वोटर्स की संख्या 54,052 है। इस बार लोकतांत्रिक प्रक्रिया में 273 थर्ड जेंडर मतदाता भी अपनी भागीदारी दर्ज कर सकेंगे।
राज्य में इस बार 4,24,518 युवा मतदाता (18-19 वर्ष) पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, राज्य में 2,44,250 दिव्यांग मतदाता और 85 वर्ष से अधिक आयु के 2,04,317 वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत हैं। इन वरिष्ठ मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग ने घर से मतदान करने हेतु वैकल्पिक डाक मतपत्र की व्यवस्था सुनिश्चित की है।
केरल में इस चुनाव के लिए कुल 30,471 मतदान केंद्र स्थापित किये जायेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें