भाजपा कार्यकर्ता बूथों पर जाकर मतदाताओं को दें होली की शुभकामनायें: धर्मपाल सिंह
वाराणसी, 2 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 16 जिलों के जिला प्रभारियों, बीएलए-1 वाराणसी जिला एवं महानगर के सभी मंडल अध्यक्षों के साथ रविवार शाम सर्किट हाउस में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अलग-अलग बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की।बैठक में उन्होंने जनसेवा के मार्ग में आने वाली चुनौतियों के समाधान, कार्यशैली में नवाचार तथा संगठन को अधिक प्रभावी, गतिशील एवं जनकेंद्रित बनाने पर विस्तार से चर्चा की। श्री सिंह ने मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि दो दिन बाद होली का पावन पर्व है। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदाताओं से मिलें, उन्हें होली की शुभकामनाएं दें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम एसआईआर के दौरान अनमैप न हुआ हो।
उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी मतदाता को नोटिस प्राप्त हुई हो तो उसका कारण जानें तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित प्रपत्र बीएलओ के पास जमा कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनसे फार्म-6 भरवाकर बीएलओ के पास जमा कराया जाए, ताकि वे मतदाता सूची में शामिल हो सकें।
श्री सिंह ने कहा कि होली के पश्चात पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के तहत मंडल स्तर की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक मंडल की कार्यशाला अलग-अलग होगी, जिसके बाद जिला, क्षेत्र एवं प्रदेश स्तर की कार्यशालाएं संपन्न होंगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। इससे संगठन की कार्यपद्धति में एकरूपता आएगी तथा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना और अधिक प्रखर होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महाअभियान भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक संगठित, सक्रिय एवं प्रभावी बनाएगा।
बैठक की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि का स्वागत भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने किया। बैठक का संचालन महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें