देश की आजादी अनगिनत बलिदानों और संघर्षों का परिणाम


लखनऊ, 23 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में सोमवार को जन भवन स्थित गांधी सभागार में शहीद दिवस और डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव तथा डॉ. लोहिया के जीवन और योगदान पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने भावुक होकर देखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल के विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्ता ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत बलिदानों और संघर्षों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अनेक परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोकर स्वतंत्रता की कीमत चुकाई है, इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम उनके त्याग को सदैव स्मरण रखें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानें।
उन्होंने ऐतिहासिक घटनाओं जैसे साइमन कमीशन के विरोध, जलियांवाला बाग कांड, लाला लाजपत राय पर लाठीचार्ज और केंद्रीय असेंबली में बम फेंकने की घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार ब्रिटिश शासन ने इन क्रांतिकारियों को कठोर दंड दिया। उन्होंने भगत सिंह के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “विचारों को कभी समाप्त नहीं किया जा सकता, वे हमेशा जीवित रहते हैं।”
अपने संबोधन में उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया को एक महान समाजवादी चिंतक और स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण नेता के रूप में याद किया।
कार्यक्रम में विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ. पंकज एल. जानी, विशेष कार्याधिकारी अशोक देसाई, जन भवन के अधिकारी-कर्मचारी, आदर्श माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ