भटहट सीएचसी पर सी-सेक्शन डिलेवरी शुरू करने की तैयारी
गोरखपुर। जिले की सात प्रथम संदर्भन इकाई (एफआरयू) की तर्ज पर भटहट सीएचसी पर भी सी-सेक्शन डिलेवरी शुरू करने की तैयारी की जा रही है। यह सुविधा शुरू हो जाने से सर्जरी के जरिये प्रसव करवाने के लिए इस क्षेत्र की गर्भवती को सीधे बीआरडी मेडिकल कॉलेज नहीं आना होना। सीएमओ डॉ राजेश झा ने इस सेवा को शुरू करने की दिशा में पहल करते हुए शुक्रवार को भटहट सीएचसी की ओटी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सी-सेक्शन सुविधा शुरू करने के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि भटहट में लेडी सर्जन की पहले से ही तैनाती है। हाल ही में वहां स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की पोस्टिंग भी कर दी गयी है। बेहोशी के चिकित्सक आवश्यकतानुसार वहां जा कर सेवाएं देंगी। सी-सेक्शन डिलेवरी के लिए जिन जिन आवश्यक उपकरणों एवं सुविधाओं की जरूरत है उनका आंकलन किया जा रहा है। शुरुआत में कुछ सी-सेक्शन ट्रॉयल के तौर पर होंगे। बेहतर रिस्पांस मिलने पर भटहट सीएचसी पर सी-सेक्शन डिलेवरी की स्थायी व्यवस्था बनाने की कोशिश की जाएगी। सीएमओ ने कहा कि सीएचसी के अधीक्षक डॉ अविनाश सिंह और वहां के चिकित्सा अधिकारियों से नयी सुविधा शुरू करने के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी है।
सीएमओ ने कहा कि तैयारियां पूरी होने के बाद एक बार पुनः समीक्षा की जाएगी और फिर सी-सेक्शन डिलेवरी सुनिश्चित की जाएगी। जिले में पहले से ही सात प्रथम संदर्भन इकाइयों पर यह सेवा दी जा रही है। कुछ इकाइयों पर प्रति माह 50 से अधिक सी-सेक्शन डिलेवरी हो रही है। इससे स्थानीय लोगों को काफी फायदा मिल रहा है और लाभार्थी भी जिला स्तरीय अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज की भीड़भाड़ से बचते हुए गुणवत्तापूर्ण सेवा प्राप्त कर रहे हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें