नवनिर्माण के नौ वर्ष: ‘डबल इंजन’ से बदली उत्तर प्रदेश की पहचान, विकास की नयी गाथा लिख रहा प्रदेश : योगी
लखनऊ, 18 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के नौ वर्ष की अवधि को नवनिर्माण का शासनकाल बताया है और कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है और अब राज्य विकास की नयी गाथ लिख रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता था और नौकरियों में पारदर्शिता का अभाव था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रियाएं निष्पक्ष और पारदर्शी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बीते 9 वर्षों में लगभग 2 लाख युवाओं को पुलिस भर्ती के माध्यम से रोजगार दिया गया है।
कानून-व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब भय का वातावरण समाप्त हो चुका है और नवरात्र तथा रमजान जैसे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि नौ शहरों में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू की गई है और सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया गया है।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नौ लाख 12 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट्स से उत्तर प्रदेश देश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है और अब तक 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ है। 2017 से पहले जहां सीमित उद्योग थे, वहीं अब 30 हजार से अधिक बड़े उद्योग स्थापित हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने नोएडा को लेकर फैले मिथकों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि अब यह क्षेत्र विकास की नयी पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी बेहतर हुई है और जेवर एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट्स से उत्तर प्रदेश को वैश्विक पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के 9 वर्षों के कार्यों पर मंथन कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी और पार्टी कार्यकर्ता जन-जन तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें