होली पर जन भवन में राज्यपाल से उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण व गणमान्य नागरिकों की शिष्टाचार भेंट

लखनऊ, 02 मार्च (वार्ता) होली के पावन पर्व पर सोमवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से जन भवन में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों ने शिष्टाचार भेंट कर होली की शुभकामनाएँ दीं।
इससे पूर्व विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे के नेतृत्व में जन भवन में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने भी राज्यपाल से भेंट कर उन्हें रंगोत्सव की बधाई दी। राज्यपाल ने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर के अवगुणों का त्याग कर समाज के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जन भवन में विगत वर्षों में अनेक रचनात्मक और नवाचारपूर्ण कार्य हुए हैं तथा भविष्य में भी कई महत्वपूर्ण पहलें प्रस्तावित हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों से उन्होंने अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा एवं विकास के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने बताया कि आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन में हाल ही में इसरो लैब की स्थापना की गई है, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा।
अपने हालिया गुजरात दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने धोलावीरा को भारत की प्राचीन समृद्ध सभ्यता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया और बनास डेयरी के माध्यम से पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन में हो रही प्रगति की सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि इन उपलब्धियों पर आधारित एक प्रेरक फिल्म बनाई जानी चाहिए, जिससे नई पीढ़ी को देश की ऐतिहासिक और आधुनिक उपलब्धियों की जानकारी मिल सके।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास