एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए प्रशिक्षण शुरू, सीएमओ ने देखा ड्रग वेयर हाउस की व्यवस्था


गोरखपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किये जाने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा के दिशा-निर्देशन में एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर मंगलवार को जिला स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण (टीओटी) दिया गया। यह प्रशिक्षित ट्रेनर अब कोल्ड चेन स्तरीय प्रशिक्षण में ब्लॉक स्तरीय कर्मियों को ट्रेनिंग देंगे।इस बीच, मंगलवार को ही सीएमओ डॉ झा ने पिपराइच स्थित सेंट्रल ड्रग वेयर हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने वेयर हाउस में दवाओं के गुणवत्तापूर्ण रखरखाव और ट्रांसपोर्टेशन को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया ।

टीओटी में आए चिकित्सा अधिकारियों, एआरओ और बीपीएम को सम्बोधित करते हुए सीएमओ ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका उन्हीं बच्चियों को लगेगा जिन्होंने 14 वर्ष की उम्र पूरी कर ली और जिनकी आयु पंद्रह वर्ष से कम है। गंभीर तौर पर बीमार बच्चियों और जिनका पहले ही टीकाकरण हो चुका है, उन्हें यह टीका नहीं लगाया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद जिले के सभी 44 कोल्ड चेन स्तरीय अस्पताल पर निःशुल्क टीकाकरण होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नंदलाल कुशवाहा और सहयोगी संस्थाओं की मदद से टीकाकरण किया जाएगा। जिले में 53960 बच्चियों के टीकाकरण का लक्ष्य है। जहां बाजार में इस टीके का मूल्य 1200 रुपये प्रति सिंगल डोज है, वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।

पिपराइच स्थित सेंट्रल ड्रग वेयर हाउस का निरीक्षण करने के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के अभियंता को निर्देश दिया कि वेयर हाउस में बिजली पानी की मुकम्मल व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने वेयरहाउस को जोड़ने वाली सड़क बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की भी पहल की। सीएमओ ने बताया कि गोरखपुर के सेंट्रल ड्रग वेयर हाउस में 319 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। वेयर हाउस से जिला स्तरीय अस्पताल माह में दो बार, सीएचसी-पीएचसी माह में एक बार और उपकेंद्र स्तरीय अस्पताल तीन माह में एक बार दवा ले जाते हैं। निरीक्षण के दौरान सीएमओ को बताया गया कि फरवरी माह में वेयर हाउस से बावन बार दवा मंगायी गयी है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास