केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल आधारित शिक्षा ही युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के लिए तैयार करती है :कपिल देव अग्रवाल
’प्रयागराज, ( दिनेश तिवारी ) आज के समय में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल आधारित शिक्षा ही युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के लिए तैयार कर सकती है
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मंगलवार को मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) में आयोजित तीन दिवसीय ( संकल्प 2026) राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन का मंगलवार को शुभारंभ करते हुए युवाओं से कौशल आधारित शिक्षा अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने लोगो को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में सरकारए शैक्षणिक संस्थानों, उद्योग जगत एवं नवउद्यमों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। इसी समन्वित प्रयास से देश को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है , बल्कि कौशल आधारित शिक्षा ही युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के लिए तैयार करती है। उन्होंने युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता , ड्रोन, मुद्रण एवं अभिकल्पन जैसी आधुनिक तकनीकों में दक्षता हासिल करने की सलाह देते हुए नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एमएनएनआईटी के निदेशक आर एस वर्मा ने बताया कि सम्मेलन आत्मनिर्भर नेतृत्व और समृद्धि के लिए कौशल और ज्ञान का पोषण विषय पर आधारित है, जिसमें देशभर के 50 से अधिक विशेषज्ञ वक्ता अपने विचार साझा करेंगे। सम्मेलन में 700 से अधिक प्रतिभागी एवं 40 अंतिम चरण की टीमें अपने अभिनव प्रारूप प्रस्तुत करेंगी।
कार्यक्रम में शिवकुमार शर्मा, मुकुल एस सुतावने , प्रो0 मनीष अरोड़ा , डॉ0 मनीषा सचान , प्रो0 शिवेश शर्मा एवं सुशील कुमार सहित विभिन्न संस्थानों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस आयोजन में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान प्रयागराज तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय का भी सहयोग प्राप्त है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें