राहुल गांधी ने केरल की एक नर्स की कहानी बताते हुए कहा, 'संवेदना' ही केरल की भावना है


नयी दिल्ली, 26 मार्च (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को उस अस्पताल में रात बिताने का एक भावनात्मक विवरण साझा किया, जहां उनकी मां सोनिया गांधी का इलाज चल रहा है।

तबियत खराब होने के बाद श्रीमती गांधी को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। श्री गांधी ने कहा कि वह रात में अपनी मां के कमरे में एक सोफे पर लेटे थे और उनके स्वास्थ्य को लेकर काफी चिंतित थे।
श्री गांधी ने कहा कि उस मुश्किल समय में उन्हें एकमात्र सांत्वना केरल की एक नर्स से मिली, जो नियमित रूप से उनकी मां की देखभाल कर रही थीं और मुस्कुराहट के साथ उन्हें भरोसा दिला रही थीं। उन्होंने कहा, "पूरी रात, मुझे केवल एक ही चीज़ से सांत्वना मिली - केरल की एक नर्स जो हर घंटे मेरी माँ को देखने आती थीं। वह मुस्कुराती और मां का हाथ थाम लेती थीं।"
कांग्रेस नेता ने उल्लेख किया कि नर्स ने बिना आराम किए पूरी रात काम किया, जो देश और विदेश में सेवा कर रहे केरल के स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्री गांधी ने सुबह उनसे पूछा कि क्या उन्हें नींद नहीं आती, जिस पर नर्स ने जवाब दिया कि वह पूरी रात काम करती हैं। उन्होंने कहा, "जब पूरी दुनिया सोती है, केरल की महिलाएं... लोगों को सांत्वना दे रही होती हैं, उनका हाथ थामे रहती हैं और उन्हें सहज महसूस कराती हैं। मेरे लिए, यही केरल राज्य की भावना है।"
श्री गांधी ने अपनी मां के साथ रहने के लिए केरल विधानसभा चुनावों के लिए अपना निर्धारित दौरा रद्द कर दिया है। कांग्रेस सूत्रों ने संकेत दिया कि उनके चुनाव कार्यक्रम श्रीमती गांधी के स्वस्थ होने के बाद पुननिर्धारित किए जाएंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास