भाजपा को लोगों की परेशानी नही दिख रही : अखिलेश
लखनऊ 16 मार्च (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गैस सिलेंडर संकट को लेकर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़े लोगों की परेशानी साफ दिखाई दे रही है, इसके बावजूद भाजपा यह दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि आम लोग सिलेंडर पाने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई परिवारों को खाना बनाने तक में दिक्कत हो रही है। इसके बावजूद सरकार यह कह रही है कि कहीं भी गैस की कमी नहीं है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता अब समझ नहीं पा रही है कि उनकी समस्याओं को देखकर भी भाजपा के नेता इतनी बेशर्मी से इनकार कैसे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूख से परेशान परिवार अब यह कहने लगे हैं कि भाजपा नेताओं के दिल पत्थर के नहीं बल्कि उनके पास दिल ही नहीं है।अखिलेश यादव ने सरकार से गैस आपूर्ति की स्थिति स्पष्ट करने और आम लोगों को राहत देने की मांग की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें