यूपी बोर्ड ने 29 हज़ार208 मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची वेबसाइट पर डाली छात्रों को सही स्कूल चुनने


प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) प्रदेश में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर अंकुश लगाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कड़ा कदम उठाते हुए  करीब 30 हजार मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।

     माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह  के अनुसार  इस पहल से जहां अभिभावकों को सही स्कूल चुनने में सुविधा मिलेगी , वहीं विभागीय अधिकारियों के लिए भी अवैध रूप से संचालित संस्थानों पर कार्रवाई करना आसान होगा।

          परिषद के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में हाईस्कूल स्तर ;कक्षा 9.10 के 10 हज़ार 295 और इंटरमीडिएट स्तर ;कक्षा 9.12 के 18 हज़ार 913 विद्यालय मान्यता प्राप्त हैं। इस प्रकार कुल 29 हज़ार 208 स्कूल आधिकारिक रूप से संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्कूल नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। कई ऐसे विद्यालय हैं, जिन्हें केवल हाईस्कूल तक की मान्यता मिली है लेकिन वे इंटरमीडिएट तक कक्षाएं संचालित कर रहे हैं।

   उन्होंने बताया कि  कुछ स्कूलों में सिर्फ विज्ञान वर्ग की मान्यता होने के बावजूद कला वर्ग की पढ़ाई भी कराई जा रही है। हाल ही में 262 स्कूलों ने मान्यता के लिए आवेदन किया है  जिनमें से 107 स्कूलों को मान्यता देने की संस्तुति शासन को भेजी गई है जबकि 36 मामलों को पुनर्विचार के लिए अग्रसारित किया गया है।

      श्री सिंह ने बताया कि  प्रदेश भर में एक हजार से अधिक स्कूल बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं। ऐसे ही मामलों में हाल में देवरिया जिले में दो स्कूलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई जिन्होंने बिना मान्यता के बोर्ड परीक्षा के फॉर्म भरवाए थे।

          नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत से पहले मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों की सूची पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। अभिभावकों से अपील है कि नामांकन से पहले यह जरूर जांच लें कि संबंधित विद्यालय को किस स्तर तक की मान्यता प्राप्त है। यह कदम शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाएगा।

टिप्पणियाँ