राहुल गांधी ने 'मैं भी अंबेडकर' मैराथन को दिखाई हरी झंडी, संविधान के प्रति प्रतिबद्धता का दिया संदेश
नयी दिल्ली 12 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा आयोजित "मैं भी अंबेडकर" मैराथन को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को हरी झंडी दिखायी।मैराथन नई दिल्ली के मंडी हाउस स्थित सफदर हाशमी मार्ग से शुरू होकर डॉ अंबेडकर नेशनल मेमोरियल (26, अलीपुर रोड) तक जायेगी। इस आयोजन का संचालन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) विभाग के सहयोग से किया।
इस मौके पर श्री गांधी ने कहा, "मैं भी अंबेडकर" मैराथन बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी के विचारों और भारतीय संविधान के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।आज जब संवैधानिक मूल्यों पर प्रहार हो रहे हैं, ऐसे समय में हमें हर अन्याय और भेदभाव के खिलाफ बाबासाहेब अंबेडकर के आदर्शों पर चलकर एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।"
कांग्रेस नेता ने कार्यक्रम के अंत में "जय भीम, जय संविधान, जय हिंद" के नारे के साथ देशवासियों से संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए आगे आने का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें