पुलिस की वर्दी केवल अधिकार ही नहीं बल्कि समाज के प्रति जवाबदेही भी : डीआईजी


जौनपुर, 26 अप्रैल (वार्ता) उपमहानिरीक्षक वाराणसी (डीआईजी) परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने रविवार को नव प्रशिक्षित आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जवाबदेही, संवेदनशीलता और निष्ठा का प्रतीक है। अनुशासन और कर्तव्य परायणता ही पुलिस का श्रृंगार है।

जौनपुर पुलिस लाइन स्थित आरटीसी दीक्षांत परेड समारोह रविवार को अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना का भव्य प्रतीक बन गया, जब मुख्य अतिथि डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने सलामी लेकर नवप्रशिक्षित 687 आरक्षियों के आत्मविश्वास, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा को परखा। परेड मैदान में कदमताल करते आरक्षियों के चेहरों पर जहां देशसेवा का जुनून साफ दिखाई दिया, वहीं इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बने परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे।
समारोह में डीआईजी वैभव कृष्ण के साथ जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुंवर अनुपम सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव पूरे समय मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त जिला जज सुशील कुमार शशि, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, ,सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक सृष्टि जैन,7 क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह, समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कजगांव फिरोज अहमद खान, नगर पंचायत अध्यक्ष जफराबाद सरफराज खान सहित जनपद के तमाम गणमान्य, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, समाजसेवी, एवं मीडिया के लोग समारोह में उपस्थित रहे। बैंड की धुन, अनुशासित कदमताल और परेड की गूंज ने पूरे आरटीसी परिसर को गौरवमयी बना दिया।
दीक्षांत समारोह के समापन अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने उपस्थित सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, नवआरक्षियों एवं उनके परिजनों का आभार व्यक्त करते हुए नवदीक्षित आरक्षियों को ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भावना के साथ पुलिस विभाग का मान बढ़ाने का संदेश दिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास