पति पत्नी का प्यार और तकरार
रिश्तों में प्यार और तकरार का होना बेहद स्वभाविक है, विशेषकर पति पत्नी में प्यार और तकरार सम्बन्ध को मजबूत और घनिष्ठ बनाता है। कभी- कभी पति पत्नी के बीच प्यार इतना गहरा होता है कि छोटी सी बात पर ही तकरार हो जाता है, फिर क्या रूठने मनाने का सिलसिला शुरू होता,,,,और इसी के साथ रिश्तों में विश्वास और गहरा होता जाता है। पति पत्नी के बीच प्यार और तकरार की खूबसूरत नोक-झोंक परस्पर जीवन में एक नई ऊर्जा का संचार भी करता है, बशर्ते इस मीठी नोक-झोंक के बाद दोनों अपनी -अपनी गलती को स्वीकार कर लें।
पति पत्नी के सम्बन्धों के बीच कभी - कभार असहमति का आना स्वभाविक है, लेकिन जरूरी है कि दोनों के बीच अहं का प्रवेश न हो,क्योंकि अहंकार समझौता नहीं करने देता और सम्बन्धों की मिठास को धीरे-धीरे कम कर देता है , अतः तकरार की स्थिति की अवधि लम्बी न हो पाए , इसके लिए अपनापन और त्वरित सुलह की नीति को तवज्जो देना बहुत जरूरी है , वो चाहे एक दूसरे के साथ मुस्कुराकर मनपसन्द गीत गुनगुना देना या एक दूसरे के पसन्द की डिश तैयार कर प्रेम से परोसना।
अक्सर तकरार के दौरान ही पति पत्नी को एक दूसरे के नजरिए और पसन्द नापसन्द का पता चलता है।
कभी -कभी रिश्तों में गलतफहमियां तकरार को झगड़े में बदल देती हैं, तब यही से बहस की शुरुआत होती , मर्यादाएं टूटने लगती और एक दूसरे को अपमानित करने का सिलसिला शुरु हो जाता , जो रिश्ते में खटास पैदा करती और तब छोटी- छोटी बातों पर टकराव की स्थिति पैदा हो जाती, जिससे मनमुटाव और संवादहीनता की स्थिति उत्पन्न होने लगती और कल के सारे सपने बिखरने से लगते।
अतः जरूरी है कि पति पत्नी एक दूसरे के साथ मित्रवत् खुलकर प्यार करें, इससे बंधन मजबूत होता हैऔर तनिक भी तकरार की स्थिति आने पर बिना झिझक एक-दूसरे को रूठने मनाने का सिलसिला/संवाद जारी रखें। एक-दूसरे के साथ घूमें और परस्पर पसंद-नापसंद का ख़्याल रखें, आदर और सम्मान को कभी न भूलें । प्यार और नयेपन को जारी रखें। पति पत्नी के बीच प्रेम अधिक और तकरार कम हो इसके लिए जरूरी है कि पति पत्नी, परिवार, माता-पिता, बेटा, बेटी आदि रिश्तों को निभाते हुए खुद को न भूलें। अपनी रुचि को विकसित होने का पूरा अवसर दें और जहाँ तक सम्भव हो, एक दूसरे के कार्य का हिस्सा बनें।
आभार,,,,,
डाॅ०(कु०)शशि जायसवाल, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।
@स्वरचित मौलिक एवं अप्रकाशित।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें