जनता दर्शन में योगी ने बच्चों की शिक्षा और युवाओं के रोजगार पर दिया बड़ा संदेश
लखनऊ, 4 मई (वार्ता ) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार और अवैध कब्जों जैसे मुद्दों पर स्पष्ट और सख्त रुख दिखाया।मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से खास तौर पर कहा कि बच्चों को हर हाल में स्कूल भेजें। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ड्रेस, किताबें, जूते-मोजे और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
योगी ने कहा कि इसके लिए अभिभावकों के खातों में आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। साथ ही मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों को पौष्टिक भोजन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि “शिक्षित बच्चा ही समृद्ध और सशक्त भारत की नींव रखता है।”
युवाओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पारदर्शी तरीके से नौकरियां दे रही है। उन्होंने बताया कि बीते 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं और आगे भी विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियां की जाएंगी।
उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे पूरी मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करें। “किसी सिफारिश की जरूरत नहीं है, योग्यता के आधार पर ही चयन होगा,” उन्होंने स्पष्ट कहा।
जनता दर्शन में अवैध कब्जे की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मामलों की जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पीड़ितों को न्याय मिले और उन्हें संतुष्ट किया जाए। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि ऐसी शिकायतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें